छत्तीसगढ़ में IAS अफसरों की बड़ी फेरबदल की तैयारी, कई जिलों के कलेक्टर जल्द बदल सकते हैं

रायपुर, नए साल में राज्य सरकार में एक बार फिर बड़े स्तर पर फेरबदल की आहट तेज हो गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह आईएएस अफसरों का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाना है। प्रतिनियुक्ति पर जाने वाले अफसरों में डॉ. प्रियंका शुक्ला के बाद जगदलपुर कलेक्टर एस. हरीश और बलौदाबाजार-भाटापारा कलेक्टर दीपक सोनी का नाम शामिल हैं। इन अफसरों की नई पोस्टिंग भी केन्द्र स्तर पर हो चुकी है।

बदलेंगे कई जिलों के कलेक्टर
माना जा रहा है कि इन्हें जल्द रिलीव किया जाएगा। ऐसे में आईएएस अफसरों की एक तबादला सूची जारी होना तय है। इसमें कई जिलों के कलेक्टर में भी बदलाव हो सकता है। प्रशासनिक गलियारों में इस घटनाक्रम को बड़े फेरबदल की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। खासतौर पर दो जिलों के कलेक्टरों के एक साथ रिलीव होने से जिला प्रशासन की कमान नए अधिकारियों को सौंपे जाने की तैयारी शुरू हो गई है।

हो सकती है नई जिम्मेदारियों की घोषणा
माना जा रहा है कि अफसरों के रिलीव होते ही राज्य सरकार मंत्रालय और जिला स्तर पर व्यापक प्रशासनिक बदलाव कर सकती है। कुछ और अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियों की घोषणा भी इसी क्रम में संभव है। ऐसे में आने वाले दिनों में मंत्रालय से लेकर मैदानी प्रशासन तक नई पदस्थापनाओं को लेकर हलचल तेज रहने के संकेत हैं।

Author photo