छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग के 165 अफसरों और कर्मियों का तबादला, नारायणपुर-बीजापुर में नए DTO तैनात

प्रदेश के विभिन्न जिलों, उड़नदस्ता इकाइयों और प्रमुख चेकपोस्टों में पदस्थ 46 परिवहन निरीक्षकों, 50 उपनिरीक्षकों, 16 सहायक उपनिरीक्षकों, 35 प्रधान आरक्षकों तथा 18 आरक्षकों का तत्काल प्रभाव से तबादला किया गया है।

  1. छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल, 165 अधिकारी-कर्मचारी बदले
  2. विभिन्न जिलों के प्रभारी डीटीओ, उड़नदस्ता और चेकपोस्ट प्रभारी बदले
  3. विभाग ने थोकबंद तबादलों को बताया एक सामान्य प्रशासनिक रोटेशन

रायपुर छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग में प्रशासनिक कसावट लाने प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। परिवहन आयुक्त कार्यालय द्वारा अपर परिवहन आयुक्त डी.रविशंकर के हस्ताक्षर से जारी आदेश में प्रदेश के विभिन्न जिलों, उड़नदस्ता इकाइयों और प्रमुख चेकपोस्टों में पदस्थ 46 परिवहन निरीक्षकों, 50 उपनिरीक्षकों, 16 सहायक उपनिरीक्षकों, 35 प्रधान आरक्षकों तथा 18 आरक्षकों का तत्काल प्रभाव से तबादला किया गया है। विभाग ने इस फेरबदल को एक नियमित रोटेशन प्रक्रिया बताया है।

फील्ड पोस्टिंग से हटाकर कई अधिकारियों को दी गई कार्यालय की जिम्मेदारी

इस बड़ी सर्जरी के तहत कई अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग से हटाकर कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है, तो वहीं कुछ को चेकपोस्टों और उड़नदस्ता यूनिटों में नई तैनाती मिली है। महत्वपूर्ण बदलावों के तहत कोरबा उड़नदस्ता में पदस्थ अनुपम पटेल को प्रभारी जिला परिवहन अधिकारी नारायणपुर और दुर्ग से सनत कुमार जागड़े को प्रभारी डीटीओ बीजापुर बनाया गया है। इसके अलावा, कृष्ण कुमार चौबे को अंबिकापुर से चिल्फी, वैभव शुक्ला को रायपुर से रामानुजगंज, मोहम्मद आबिद खान को कोटा से धनपुंजी चेकपोस्ट भेजा गया है।