क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली टीम का हिस्सा रही ​कवर्धा की बेटी आकांक्षा, सीएम साय ने दी बधाई

Women World Cup: विमेंस वर्ल्डकप में भारतीय महिला टीम नई चैंपियन बनी है। छत्तीसगढ़ के सीएम ने ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। इस जीत में छत्तीसगढ़ की एक लड़की आकांक्षा सत्यवंशी का भी अहम रोल है।

रायपुर: विमेंस वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही पूरे देश में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत छत्तीसगढ़ से लोग आकांक्षा को इस उपलब्धि के लिए बधाई दे रहे हैं. ये कवर्धा ही नहीं छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है. मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि हर भारतीय बेटी के सपनों, संघर्ष और आत्मविश्वास की जीत है.

भारतीय महिला क्रिकेट टीम का विश्व विजेता बनना पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है. इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी की भूमिका विशेष रही है. खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रदर्शन को बनाए रखने में उनका योगदान सराहनीय है.– विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री

आकांक्षा ने अपने समर्पण और मेहनत से यह दिखा दिया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियाँ किसी से कम नहीं हैं.- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

छत्तीसगढ़ की लड़की का अहम रोल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली बेटी आकांक्षा सत्यवंशी का योगदान राज्य के लिए गर्व की बात है। कवर्धा जिले की आकांक्षा सत्यवंशी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में बतौर फिजियोथैरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।

सीएम साय ने बताया कि आकांक्षा सत्यवंशी इससे पहले छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम और अंडर-19 भारतीय महिला क्रिकेट टीम से भी जुड़ी रही हैं। खिलाड़ियों की फिटनेस के प्रति उनका समर्पण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता इस ऐतिहासिक जीत में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करती है।

लड़कियों को प्रेरित करेगी यह जीत

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आकांक्षा सत्यवंशी जैसी प्रतिभाशाली बेटियां आज छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश और दुनिया में रोशन कर रही हैं। उन्होंने आकांक्षा को राज्य की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की युवतियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा- “यह जीत नारी शक्ति, परिश्रम और आत्मविश्वास की जीत है। हमें गर्व है कि इस गौरवमयी पल में छत्तीसगढ़ की बेटी ने भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।”

Also read :- छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर अंतर्गत जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट एवं जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट कंप्यूटर पदों की भर्ती हेतु व्यापम द्वारा आदेश जारी…

Author photo